बस्ती। सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामबाग-बस्ती में आज शिशु शिक्षा समिति गोरक्ष प्रांत द्वारा आयोजित तीन दिवसीय प्रधानाचार्य कार्ययोजना बैठक सम्पन्न हुई।
वर्ग के अन्तिम दिन शिशु शिक्षा समिति और जन शिक्षा समिति गोरक्ष प्रान्त के प्रधानाचार्य, प्रधानाचार्याओं की संयुक्त बैठक से प्रारम्भ हुआ। मंच पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गोरक्ष प्रान्त के प्रान्त प्रचारक मा. रमेश जी, गोरक्ष प्रांत के प्रांतीय सेवा शिक्षा प्रमुख मा. योगेश जी, जन शिक्षा समिति गोरक्ष प्रान्त के अध्यक्ष श्री विनोद कांत मिश्र के साथ जन शिक्षा समिति गोरक्ष प्रान्त के मंत्री श्री दुर्गा प्रसाद अस्थाना की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय के प्रधानाचार्य गोविंद सिंह जी द्वारा मंचासीन अतिथियों का परिचय एवं सम्मान कराया गया। विभिन्न क्षेत्रों में विशेष उपलब्धि प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया।
समापन सत्र में मंच पर विद्या भारती पूर्वी उ. प्र. क्षेत्र के क्षेत्रीय मन्त्री डॉ. सौरभ मालवीय तथा शिशु शिक्षा समिति गोरक्ष प्रान्त के मन्त्री डॉ. शैलेश कुमार सिंह की उपस्थिति रही। प्रदेश निरीक्षक श्री राम सिंह जी ने सम्पूर्ण बैठक का वृत्त निवेदन प्रस्तुत किया। वन्दना टीम ने एक गीत प्रस्तुत कर माहौल को संगीतमय बना दिया। अपने सम्बोधन में क्षेत्रीय मन्त्री डॉ. सौरभ मालवीय ने कहा कि हमारे विद्यालय ऊर्जा के केन्द्र और प्रधानाचार्य केन्द्र बिन्दु होते हैं। विद्यालय के विकास में प्रधानाचार्य का बहुत योगदान है।
अमृत महोत्सव की चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि प्रत्येक जनपद में शिशु मंदिरों की स्थापना का लक्ष्य है, जो धीरे धीरे पूर्ण हो रहा है। हमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और विद्या भारती के सभी विषयों को लेकर समाज तक जाना है। छोटे छोटे कार्यक्रम करके हमें स्वयं से समाज को जोड़ना है। स्वाध्याय के लिये पुस्तक पढ़ने हेतु हमें लोगों को जागरूक करना होगा। अनुशासन, परीक्षा परिणाम और विद्यालय की गुणवत्ता अच्छे विद्यालय के लक्षण हैं।
कार्यक्रम के अन्त में शिशु शिक्षा समिति गोरक्ष प्रान्त के मन्त्री डॉ. शैलेश कुमार सिंह ने सभी आगन्तुक प्रधानाचार्य बन्धुओं और अन्य सभी के प्रति आभार प्रदर्शन किया। बैठक का समापन शान्ति मन्त्र के साथ हुआ।
बैठक में प्रांत के सभी विद्यालयों से आए हुए प्रधानाचार्य - प्रधानाचार्या, छात्रावास प्रमुख, शिशु वाटिका प्रमुख आचार्य और आचार्या बहनों ने भाग लिया। बलिया संभाग के संभाग निरीक्षक श्री कन्हैया चौबे, जन शिक्षा समिति गोरक्ष प्रान्त के प्रदेश निरीक्षक श्री जियालाल जी आदि भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।












No comments:
Post a Comment