डॉ. सौरभ मालवीय
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश को शस्य श्यामला बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसे कार्यान्वित करने के लिए योगी सरकार ने पौधरोपण महाभियान-2025 प्रारम्भ किया है। इसके अंतर्गत प्रदेश की नदियों के पांच किलोमीटर के क्षेत्र में 4.12 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश में अधिक से अधिक पौधारोपण करके यहां की हरियाली में वृद्धि करना है।
उत्तर प्रदेश से होकर जाने वाली 13 प्रमुख नदियों के निकट 24271.66 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधे लगाए जाएंगे। इन नदियों में गंगा, यमुना, सरयू, राप्ती, चंबल, रामगंगा, केन, सोन, छोटी गंडक, हिंडन एवं गोमती आदि प्रमुख रूप से सम्मिलित हैं।
पौधरोपण महाभियान-2025 के मिशन निदेशक दीपक कुमार के अनुसार सर्वाधिक पौधे यमुना नदीं के तट पर लगाए जाएंगे। यमुना तट पर एक करोड़ नौ लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। गंगा नदी के तट पर स्थित जनपदों में 77 लाख पौधे लगाए जाएंगे। बेतवा तट पर 53 लाख, सरयू तट पर 39.35 लाख पौधे, सई तट पर 34.25 लाख एवं गोमती तट पर 33.56 लाख पौधे लगाए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त योगी सरकार इस वर्ष 2025 में आयोजित महाकुम्भ की स्मृति में नदियों के तट पर नीम, पीपल, पाकड़ के पौधों की त्रिवेणी भी लगाएगी। इसके लिए गंगा, यमुना, राप्ती, सरयू, सोन, चंबल सहित 13 नदियों के आसपास के क्षेत्र को चिह्नित करने का कार्य चल रहा है।
उल्लेखनीय है कि विगत वर्ष 2024 में नदियों के तटों के 2656 स्थलों पर 3.72 करोड़ पौधे लगाए गए थे।
No comments:
Post a Comment