Friday, May 1, 2026

भारत केंद्रित शिक्षा से ही बनेगा दिव्य और भव्य भारत: डॉ. सौरभ मालवीय










फर्रुखाबाद। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, श्याम नगर फर्रुखाबाद में विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के तत्वावधान में आयोजित ‘प्रधानाचार्य कार्य योजना बैठक’ के समापन सत्र में क्षेत्रीय मंत्री डॉ. सौरभ मालवीय ने स्वदेश केंद्रित शिक्षा की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय शिक्षा पूरी तरह से स्वदेशी मूल्यों पर आधारित होनी चाहिए, तभी हम एक दिव्य और भव्य भारत का निर्माण कर सकते हैं।

डॉ. मालवीय ने अपने संबोधन में कहा कि समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरना ही शिक्षण संस्थानों का प्रमुख उद्देश्य होना चाहिए, क्योंकि विद्या भारती का वास्तविक आधार समाज ही है। उन्होंने विद्या भारती की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्तमान में देशभर में संस्था के लगभग 25 हजार विद्यालय संचालित हो रहे हैं, जिनमें 1.5 लाख से अधिक आचार्य एवं लाखों छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। साथ ही, संस्था के पूर्व छात्र विश्व के 85 देशों में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे हैं, जो इसकी वैश्विक पहचान को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि हजारों वर्षों की परतंत्रता के बावजूद भारत की आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक चेतना अक्षुण्ण बनी हुई है। अनेक आक्रांताओं के प्रयासों के बावजूद भारतीय विचारधारा आज भी सशक्त है, जिसका मूल आधार हमारे शास्त्र हैं। उन्होंने सभी शिक्षकों और शिक्षण संस्थानों से आह्वान किया कि वे एक सक्षम, समर्थ और सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रधानाचार्य सम्मानित
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रधानाचार्यों को अंगवस्त्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में श्री राघवेन्द्र पाण्डेय, प्रियंका सिंह, श्री गजेन्द्र सिंह, श्री सोमेश जी, श्री विक्रम बहादुर सिंह, श्री अनिल कुमार मिश्र एवं श्री नवीन कुमार अवस्थी प्रमुख रहे।

प्रधानाचार्य ही विद्यालय की पहचान
डॉ. मालवीय ने कहा कि एक प्रधानाचार्य ही विद्यालय की पहचान, गरिमा और प्रतिष्ठा का केंद्र होता है। उन्हें अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, समर्पण और विश्वास के साथ करना चाहिए।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री रत्नेश अवस्थी (प्रधानाचार्य, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, दामोदर नगर) द्वारा किया गया। अंत में संभाग निरीक्षक श्री शिव करन जी ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
-रामानुज अग्निहोत्री
मीडिया प्रभारी

No comments:

Post a Comment

भारत केंद्रित शिक्षा से ही बनेगा दिव्य और भव्य भारत: डॉ. सौरभ मालवीय

फर्रुखाबाद। सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, श्याम नगर फर्रुखाबाद में विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के तत्वावधान में आयोजित ‘प्रध...