बस्ती। सरस्वती विद्या मन्दिर, रामबाग में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री डॉ. सौरभ मालवीय ने कहा कि विद्या भारती का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को परीक्षा और रोजगार के लिए तैयार करना नहीं, बल्कि उन्हें संस्कारवान, चरित्रवान, आत्मनिर्भर और राष्ट्रनिष्ठ नागरिक बनाना है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के युग में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), रोबोटिक्स और कोडिंग जैसी तकनीकी दक्षताओं के साथ भारतीय संस्कृति, जीवन-मूल्यों और राष्ट्रबोध का समन्वय आवश्यक है।
डॉ. मालवीय ने विद्या भारती की भावी योजनाओं और गोरक्ष प्रान्त की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व और भारतीय जीवन-दृष्टि का विकास करना है।
उन्होंने बताया कि संत रविदास जी के 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वर्षभर गोष्ठियों, निबंध, चित्रकला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
इसी प्रकार वन्दे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर विद्यालयों और समाज में राष्ट्रीय चेतना के जागरण के लिए सामूहिक गान, चित्रकला, निबंध तथा अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में विद्या भारती के 75 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर अमृत महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। वर्षभर चलने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से विद्या भारती की 75 वर्षों की यात्रा, शैक्षणिक उपलब्धियों और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान को समाज के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
डॉ. मालवीय ने कहा कि विद्यालयों में पंच परिवर्तन को विशेष रूप से केंद्र में रखा जा रहा है। सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य बोध और स्वबोध के माध्यम से विद्यार्थियों तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वातावरण तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
पत्रकार वार्ता के उपरांत विषय संयोजकों एवं प्रान्त प्रमुखों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें आगामी कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, संगठनात्मक समन्वय तथा प्रचार-प्रसार की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर प्रान्त निरीक्षक श्री राम सिंह, संभाग निरीक्षक श्री अजय कुमार दूबे, प्रधानाचार्य श्री गोविन्द सिंह सहित विद्या भारती के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












No comments:
Post a Comment