Saturday, November 21, 2026

प्रतिभा, परिश्रम और प्रस्तुति सफलता के प्रमुख आधार हैं : डॉ. सौरभ मालवीय

 
















लखीमपुर खीरी। सनातन धर्म सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज, मिश्राना, लखीमपुर खीरी में रविवार को मेधा सम्मान समारोह एवं तरुण महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं की शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतिभाओं का उत्सव देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्रीमती रेखा अरुण वर्मा उपस्थित रहीं। विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय मंत्री डॉ. सौरभ मालवीय मुख्य वक्ता के रूप में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर मानस मर्मज्ञ एवं रामकथा व्यास पंडित श्री श्याम स्वरूप मनावत का भी सान्निध्य प्राप्त हुआ।
अपने संबोधन में डॉ. सौरभ मालवीय ने कहा कि प्रतिभा, परिश्रम और प्रस्तुति सफलता के तीन प्रमुख आधार हैं। प्रत्येक विद्यार्थी में कोई न कोई विशिष्ट प्रतिभा होती है। आवश्यकता है उस प्रतिभा को पहचानने, उसे परिश्रम से निखारने और उचित मंच प्रदान करने की। उन्होंने कहा कि विद्या भारती भारत केंद्रित शिक्षा के माध्यम से संस्कारयुक्त एवं मूल्यनिष्ठ पीढ़ी के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमारा उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को अकादमिक रूप से दक्ष बनाना नहीं, बल्कि उनमें चरित्र, अनुशासन, राष्ट्रबोध और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करना भी है।
मुख्य अतिथि श्रीमती रेखा अरुण वर्मा ने गुब्बारे छोड़कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यालय प्रबंध समिति के कोषाध्यक्ष श्री तुषार गर्ग ने विद्यालय की संक्षिप्त आख्या प्रस्तुत की। प्रबंधक श्री चंद्र भूषण साहनी ने अतिथियों का परिचय कराया तथा प्रधानाचार्या श्रीमती शिप्रा बाजपेयी ने कार्यक्रम की प्रस्तावना एवं उद्देश्य प्रस्तुत किए।
समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में विद्यालय में प्रथम दस स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को रजत पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में क्षेत्रीय स्तर तक प्रतिभाग करने वाली छात्राओं, विद्यालय के विविध कार्यक्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं तथा लगातार तीन वर्षों से शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाली छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही पूरे सत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले आचार्य-आचार्याओं एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
विद्यालय की रजत जयंती के अवसर पर हस्तकला प्रदर्शनी एवं विशेष रजत जयंती प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय की 25 वर्षों की विकास यात्रा एवं उपलब्धियों की झलक प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर विद्यालय की चार पूर्व छात्राओं को पीसीएस में चयनित होने पर सम्मानित किया गया।
छात्राओं की विविध प्रतिभाओं की खोज, अभिव्यक्ति एवं प्रोत्साहन के उद्देश्य से 22 एवं 23 नवम्बर को दो दिवसीय तरुण महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव के प्रथम दिन प्रतिभा प्रदर्शन, कवि सम्मेलन, वीडियो मेकिंग, मूर्तिकला, मेहंदी, एकल गायन (भजन एवं देशगीत) सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्री जितेंद्र साहनी, जन शिक्षा के प्रांतीय मंत्री श्री कौशल जी, प्रांतीय जन शिक्षा प्रमुख श्री बिंदू सिंह, क्षेत्रीय बालिका शिक्षा संयोजिका श्रीमती निधि द्विवेदी, संभाग निरीक्षक श्री अवरीश, संकुल प्रमुख श्री योगेंद्र सिंह, पूर्णकालिक श्री मुनेन्द्र दत्त शुक्ल, श्री सुरेश जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज सीबीएसई के प्रबंधक श्री विमल अग्रवाल, सरस्वती शिशु मंदिर के प्रबंधक श्री रवि भूषण साहनी, प्रधानाचार्या श्रीमती हीरा सिंह, सरस्वती शिशु मंदिर बेलरायां के प्रधानाचार्य श्री रामेश्वर जी सहित विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष श्रीमती रश्मि बाजपेयी, उपाध्यक्ष डॉ. राकेश माथुर, सह-प्रबंधक श्रीमती निरूपमा बाजपेयी, सदस्य श्रीमती सीमा साहनी, श्रीमती नूतन गुप्ता, श्रीमती ममता अग्रवाल, सीए श्री अमित गुप्ता, श्री अमित मिश्रा, श्री शैलेश कुमार गुप्ता, श्री अरविंद त्रिपाठी, श्री कैलाश नाथ सेठ एवं श्री अमरेश जी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के साथ ही शिक्षा में संस्कार, सृजनशीलता और आत्मविश्वास के महत्व को भी रेखांकित किया।
22 नवम्बर 2026।

No comments:

Post a Comment

प्रतिभा, परिश्रम और प्रस्तुति सफलता के प्रमुख आधार हैं : डॉ. सौरभ मालवीय

  लखीमपुर खीरी। सनातन धर्म सरस्वती विद्या मंदिर बालिका इंटर कॉलेज, मिश्राना, लखीमपुर खीरी में रविवार को मेधा सम्मान समारोह एवं तरुण महोत्सव ...